- ओटीएस योजना में रजिस्ट्रेशन कराने के बाद नहीं जमा कर रहे मासिक किस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। बिजली के बड़े बकाएदारों से बिल वसूलने के लिए नवंबर से जनवरी के बीच चलाई गई ओटीएस योजना में पांच हजार उपभोक्ता डिफॉल्टर हो गए। इन उपभोक्ताओं ने बिल जमा करने का वादा कर योजना में रजिस्ट्रेशन करा के एक किस्त जमा कर दी। लेकिन इसके आगे की किस्तें जमा नहीं कर रहे हैं। हालांकि ऊर्जा निगम ने साफतौर पर कहा कि ऐसे उपभोक्ताओं से अब पूरा ब्याज ले कर बिल वसूला जाएगा।
वर्ष 2023 नवंबर तक जिले में ऊर्जा निगम के 3.40 लाख उपभोक्ताओं पर 600 करोड़ रुपये बिल बकाया था। आठ नवंबर से विभाग ने ओटीएस (एकमुश्त समाधान) योजना शुरू कर बड़े बकाएदारों से बिल वसूलना शुरू किया। योजना के तहत बिल जमा करने पर उपभोक्ताओं को ब्याज देने की छूट मिली। साथ ही किस्त के तौर पर भी बिल जमा करने की सुविधा दी गई। 15 जनवरी तक चली योजना में 63,476 उपभोक्ताओं ने एक बार में पूरा बिल जमा कर राहत की सांस ले ली। जबकि 6,016 उपभोक्ताओं ने किस्त का विकल्प चुन कर मासिक किस्त बनवाई। इस दौरान 1,337 उपभोक्ताओं ने तिमाही, 1,094 ने छैमाही और 3,585 ने सालाना किस्त बंधाई व समय से किस्तें जमा कर बिल चुकाने का वादा किया। जनवरी तक तो सभी उपभोक्ताओं ने किस्तें जमा की। लेकिन फरवरी और मार्च में करीब पांच हजार उपभोक्ता डिफॉल्टर हो गए। अब वह अपनी किस्त नहीं जमा कर रहे हैं। अधिशासी अभियंता राजमंगल सिंह ने बताया कि डिफॉल्टर उपभोक्ताओं से पूरा ब्याज ले कर बिल की वसूली की जाएगी। अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर जल्द ही इसके लिए अभियान शुरू किया जाएगा।