फतेहपुर। विभिन्न स्थानों पर शुक्रवार शाम हल्की बारिश के साथ के साथ बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से चार चरवाहों व एक बालिका की मौत हो गई। एक किशोर समेत दो झुलसे हैं। स्थानीय लोगों ने तहसील प्रशासन को सूचना दी है।
गाजीपुर प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के देवलान गांव निवासी कैलाश यादव (60), सीताराम यादव (50), पूर्व प्रधान रामसिंह, कुवंर यादव का पुत्र अमन यादव (14) यमुना किनारे जंगल में बकरियां चराकर लौट रहे थे। करीब शाम पांच बजे आंधी, बारिश होने पर चारों महुआ के बाग में खड़े हो गए। बिजली की चपेट में आने से कैलाश व सीताराम की मौके पर मौत हो गई। राम सिंह और अमन गंभीर रूप से झुलस गए।
किशनपुर प्रतिनिधि के अनुसार थाने के गढ़ा गांव के झुरहापर निवासी रामकृपाल निषाद की पत्नी कैरी देवी (50) जंगल में बकरियां चराने गई थी। करीब शाम चार बजे जंगल में गिरी बिजली की चपेट में आने से कैरी देवी की मौत हो गई। उसके पांच बकरे व बकरियां भी मर गईं।
प्रेमनगर प्रतिनिधि के अनुसार सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के जगजीवनपुर गांव के मुराइन का पुरवा निवासी विमलेश कुमार की पुत्री काजल (09) अजतूपुर गांव अपने नाना नंदलाल मौर्य के घर आई थी। शाम करीब चार बजे बाग में आम बीन रही थी। गिरी बिजली की चपेट में आने से काजल की मौत हो गई। अमौली प्रतिनिधि के अनुसार थाना चांदपुर के धाना में बिजली गिरने से पशुपालक की मौत राम शंकर (45) की मौत हो गई। वे खेत में भैंस चराने गया था। वहीं थाने क्षेत्र के मकंदीपुर निवासी किसान गिरिजाशंकर पटेल शाम को मौसम खराब देखकर घर के बाहर बंधी भैंस को खोलकर बरामदे में ले जाने लगे। गिरी बिजली की चपेट में आने से झुलस गए। जाफरगंज प्रतिनिधि के अनुसार बिजली गिरने से ककोरा गांव निवासी छोटे यादव की दो भैंस मर गई। किसान गांव से दूर जंगल में झोपड़ी बनाकर रहता है। राजस्व विभाग की टीम ने खबर लिखे जाने तक दो की बिजली गिरने से मौत पर सहायता राशि की अग्रिम कार्रवाई करने की बात कही है।