अल्लीपुर/सहिली/प्रेमनगर (फतेहपुर)। मलवां थाना क्षेत्र में दो जगहों पर गिरी बिजली की चपेट में आने से छात्रा समेत चार महिलाओं की मौत हो गई और तीन लोग झुलस गए। झुलसी महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, सुल्तानपुर घोष कस्बे में खेत में काम कर रहे किसान की भी बिजली गिरने से मौत हुई। पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख मुआवजा दिलाने की बात कही है।
मलवां थाने के कुरुस्तीकलां गांव में रामभरोसे सिंह के खेत में धान रोपाई के लिए गांव की रामकुमारी (48) पत्नी इंद्रपाल पाल, कुसुमा देवी (35) पत्नी बुधराज पाल, गोमती देवी (34) पत्नी राम पूजन और शिवानी (22) पुत्री छोटा, पूजा (24) पुत्री देवी प्रसाद और सूरज पाल गए थे। करीब 11 बजे बारिश के दौरान गिरी बिजली की चपेट में सभी आ गए। बिजली की चपेट में आने से रामकुमारी, कुसुमा, गोमती की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी तीनों बुरी तरह झुलस गए।
कुछ दूर खेतों पर काम कर रहे किसान हादसा देखकर दौड़े और सभी को खेत से बाहर किया। पुलिस ने झुलसे तीनों लोगों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
उधर, थाने के भरसवां गांव के बरमतपुर निवासी विमलेश कुमार की पुत्री शिखा देवी (21) बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। बारिश के समय दरवाजे पर बंधे मवेशियों को सुरक्षित जगह पर बांधने ले जाने लगी। तभी गिरी बिजली की चपेट में आने से शिखा,पड़वा व बकरी की मौत हो गई। नायब तहसीलदार अरविंद कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को आकस्मिक दुर्घटना योजना के तहत चार-चार लाख का मुआवजा दिलाया जाएगा।
प्रेमनगर प्रतिनिधि के अनुसार, सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी रामपाल (50) शाम को खेत पर थे। बारिश के दौरान गिरी बिजली की चपेट में आने से रामपाल की मौके पर मौत हो गई। भाई रामबाबू की तहरीर पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। (संवाद)