असोथर। रविवार रात खाना बनाते समय जलता चिराग ऊपर गिरने से एक छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई। उसकी देर रात इलाज के दौरान कानपुर में मौत हो गई। परिजन सोमवार को शव लेकर घर पहुंचे। इसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया।
थानाक्षेत्र के बेसड़ी गांव निवासी रुचि देवी (13) पुत्री चंद्रिका भुर्जी आदर्श इंटर कॉलेज में कक्षा 8 की छात्रा थी।
परिजनों के मुताबिक वह रविवार रात घर के अंदर रसोई घर में खाना बना रही थी। इस दौरान अलमारी पर चिराग जल रहा था, अचानक वह रुचि पर गिर गया।
उसके कपड़ों में आग लग गई। छात्रा के शोर मचाने पर वह लोग पहुंचे और किसी तरह से आग बुझाई। इसके बाद उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।
जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक इलाज के बाद हैलट कानपुर रेफर कर दिया। परिजन छात्रा को लेकर कानपुर हैलट गए, देर रात उसकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष एनके नागर ने बताया कि छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कानपुर में हुआ होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद जांच की जाएगी।