गड्ढों में तब्दील जर्जर बांदा सागर मार्ग। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
बिंदकी। बांदा-सागर मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है। महीने भर पहले गड्ढों को भरने में 12 लाख रुपये खर्च हुए पर समस्या जस की तस बनी हुई है। राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर से होकर गुजरने वाला बांदा-सागर स्टेट हाईवे में दिन-रात वाहनों का आवागमन होता है। इसमें गिट्टी, मौरंग लोड कर जाने वाले अधिक मात्रा में वाहन निकलते हैं। साथ ही बांदा, चित्रकूट से कानपुर, लखनऊ, दिल्ली के लिए रोडवज बसें भी जाती हैं। यहीं स्टेट हाईवे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को भी जोड़ता है। गड्ढों के कारण पता ही नहीं चलता है कि स्टेट हाईवे है कि किसी गांव को जोड़ने वाली सड़क।
बारिश का पानी से लबालब सड़क में राहगीरों को गड्ढों का पता भी नहीं चलता है, जिसमें गिरकर चुटहिल हो जाते हैं। जबकि पीडब्ल्यूडी ने गड्ढामुक्त बनाने के लिए 12 लाख रुपये से पत्थर के बोल्डर और गिट्टी डालकर मरम्मत कराई थी, लेकिन महीना भर में ही हालात ज्यों के त्यों हो गए हैं। जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद भी मार्ग को दुरुस्त कराए जाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता हीरामणि पटेल ने बताया कि ओवर लोड वाहनों के कारण सड़क खराब हो रही है। अब बारिश का सीजन खत्म होने वाला है। जल्द ही स्टेट हाईवे को गड्ढामुक्त कराया जाएगा।