फतेहपुर। अपनी मांगों को लेकर बिजली कर्मियों की हड़ताल से दिनभर बिजली व्यवस्था गड़बडाई रही। फाल्टों को ठीक करने में अन्य विभाग के कर्मचारी नाकाम रहे। हाई टेंशन लाइनों में हुए फाल्ट जस के तस पड़े हैं। घरों में लगे इन्वर्टर भी बंद हो गए। सबसे ज्यादा दिक्कत पानी की है। बिजली न आने के कारण जलापूर्ति बाधित है, जिससे लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं अधिकारी निरीक्षण करके ट्रांसमिशन और उपकेंद्रों का जायजा लेते रहे।
जिले के तीनों बिजली वितरण खंड से 52 उपकेंद्र संचालित हैं। इनसे नगरीय क्षेत्र समेत 835 ग्राम पंचायतों को बिजली आपूर्ति की जाती है। गुरुवार को वार्ता में बात नहीं बनी तो बिजली विभाग के कर्मियों ने 72 घंटे की हड़ताल करने की चेतावनी दी। पहले दिन ही असोथर, चुरियानी, गाजीपुर, मुराइन टोला, हरिहरगंज उपकेंद्र बंद हो गए थे। इसके बाद मुराइन टोला उपकेंद्र के फाल्ट को सही कराकर शुक्रवार को आपूर्ति बहाल की गई थी, लेकिन शनिवार को फिर से फाल्ट हो गया, जिससे आपूर्ति बंद हो गई। बिजली न आने के कारण घरों के इन्वर्टर खराब हो गए। घरों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। लोगों के छतों पर रखी टंकियों का पानी भी खत्म हो गया। अब लोगों के सामने पानी की समस्या बनी है। नगर पालिका ने मोहल्लों में टैंकर लगाकर जलापूर्ति की, लेकिन लोगों की जरूरत के हिसाब से व्यवस्था नाकाफी रही।हालांकि देर रात कुछ इलाकों में बिजली सप्लाई शुरू हुई, लेकिन अधिकांश इलाका अंधेरे में डूबा रहा।
...........................
डीएम ने ट्रांसमिशन का किया निरीक्षण
फतेहपुर। बिजली कर्मियों की हड़ताल के बाद किसी प्रकार का बवाल न हो। इसके लिए पुलिस बल और पीएसी तैयार की गई। डीएम श्रुति ने ट्रांसमिशन राधानगर, दरवेशाबाद, उपकेंद्र अल्लीपुर का निरीक्षण कर व्यवस्था जानी। वहीं सीडीओ सूरज पटेल, एसडीएम अवधेश निगम, नायब तहसीलदार विकास पांडेय और कोतवाल अमित मिश्र ने हरिहरगंज, मुराइन टोला, सथरियांव, शांति नगर, आबूनगर उपकेंद्रों का निरीक्षण किया। मौजूद कर्मचारियों से बिजली आपूर्ति व फाल्ट से जुड़ी जानकारी ली।
......................................
इन मोहल्लों में टैंकर से भेजा गया पानी
शहर के कलक्टरगंज, महाजरी, एलआईसी, रियाज कालोनी, मिशन अस्पताल, कलक्टरगंज, सुंदर नगर कालोनी, हरिहरगंज चूना वाली गली, पीलू तले, पनी, कृष्ण बिहारी नगर, कमला नगर, आरके पुरम, पुलिस लाइन, नाथपुरी कालोनी समेत अन्य मोहल्लों में टैंकर से पानी भेजा गया है।
...........................
बिजलीकर्मियों ने दिनभर किया प्रदर्शन
फतेहपुर। संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेश आवाहन पर शनिवार को पूरे दिन हाईिडल कालोनी में कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। बिजली कर्मियों के धरना प्रदर्शन में अटेवा ने सहयोग किया। अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विद्युत कर्मियों पर हो रही एफआईआर के खिलाफ जेल भरो आंदोलन की रणनीति बनाई। राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने कहा कि विद्युत कर्मचारियों पर पुलिस उत्पीड़न कर रही है।
.