- रीडिंग बढ़ने और बिल अधिक आने की आ रही शिकायतें
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। जिले में 12,771 उपभोक्ताओं के मीटर में गड़बड़ी मिली है। बिजली बिल में रीडिंग बढ़ने और धनराशि अधिक आने की शिकायतों के बाद फरवरी में ऊर्जा निगम की मीटर यूनिट ने जांच कर गड़बड़ मीटरों की सूची बनाई। अब मीटरों को बदलने की कवायद की जा रही है।
जिले में करीब चार लाख बिजली के उपभोक्ता हैं। अक्सर उपभोक्ता बिल अधिक आने, रीडिंग में हेरफेर होने और समय से बिल न आने की शिकायत करते हैं। कई शिकायत आने के बाद विभाग ने संज्ञान ले कर मीटरों की जांच की। इस दौरान जिले में 12,771 मीटर गड़बड़ मिले। विभाग ने गड़बड़ मीटरों को बदलने का काम शुरू किया। सारे मीटर बदल जाने के बाद लोगों को मीटर संबंधी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
- फतेहपुर-द्वितीय डिवीजन में सबसे अधिक गड़बड़ मीटर
जांच के दौरान फतेहपुर-द्वितीय डिवीजन में सबसे अधिक 6,477 मीटर गड़बड़ मिले। वहीं फतेहपुर-प्रथम में 3,686 और खागा डिवीजन में 2,608 खराब मीटर मिले हैं।
- सभी खराब मीटरों को चिह्नित कर उन्हे बदलने का काम किया जा रहा है। जल्दी ही सभी जगह नए मीटर लग जायेंगे। इसके बाद उपभोक्ताओं को समस्या नहीं होगी। - राकेश कुमार गुप्ता, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम (मीटर यूनिट)। फतेहपुर