फतेहपुर जिले के प्रेमनगर में गंगा में नहाते समय दो भाई लहरों में फंसकर डूब गए। लोगों के शोर मचाने पर जब तक कोई मदद पहुंचती, दोनों लापता हो गए। सूचना पर एसडीएम, सीओ खागा व सुल्तानपुर घोष पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू कराई।
कानपुर से परिवारीजन भी पहुंचे। शाम तक युवकों का पता नहीं चला था। हादसा नौबस्ता घाट पर हुआ। दोनों युवक कानपुर से गैधेमऊ गांव स्थित अपने पैतृक घर आए थे। गैधेमऊ गांव निवासी रामचंद्र मौर्य उर्फ बबलू परिवार सहित कानपुर को गोविंद नगर में रहते हैं।
रामचंद्र का पुत्र अमन (19) व विशाल (21) दोनों शनिवार की सुबह साफ-सफाई के लिए पैतृक गांव गैधेमऊ आए थे। दोनों ने अपने मकान की सफाई की और सुबह करीब 11 बजे गंगा नहाने के लिए नौबस्ता घाट पहुंचे।
गंगा में नहाते समय जलस्तर बढ़ा होने से दोनों लहरों में फंसकर डूबने लगे। यह देख वहां पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया लेकिन तत्काल कोई मदद नहीं मिल सकी। देखते ही देखते दोनों लहरों में गायब हो गए।
यह खबर लोगों ने तुरंत पुलिस को दी तो इंस्पेक्टर सुल्तानपुर घोष एके गौतम वहां पहुंचे और मल्लाहों को बुलाकर जाल के जरिए खोजबीन शुरू कराई। कुछ ही देर में एसडीएम खागा आशीष कुमार व सीओ जीडी मिश्र पहुंचे। यह खबर जब परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। परिवार दोपहर बाद नौबस्ता घाट पहुंचा। दोनों युवकों की खोजबीन जारी है।