फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फतेहपुर : विधायक निधि: पहले किए दावे, अब आई विकास कराने की बारी

विज्ञापन
बांदा कानपुर हाईवे में महाखेड़ा गांव की जर्जर सड़क से निकलते बस व ट्रक। संवाद - फोटो : FATEHPUR
विज्ञापन
फतेहपुर। विधायक निधि की पहली किस्त मिलने के बाद अब क्षेत्र का विकास होगा। सड़कें दुरुस्त होंगी। पानी की दिक्कत दूर होगी। चुनाव के दौरान जो वादे किए गए थे, उन्हें पूरा करने का विधायक प्रयास करेंगे।
विज्ञापन

पिछले वर्ष डेंगू के 95 रोगी निकले थे, लेकिन जनपद में एलाइजा टेस्ट की कोई व्यवस्था नहीं है। सरकारी विद्यालयों में फैकल्टी से लेकर फर्नीचर तक का अभाव है। किसानों के सामने सिंचाई का संकट है। फसलों के रखरखाव का संकट है। ग्रामीण इलाकों में शुद्ध पेयजल के इंतजाम नहीं हैं। ऐसे कई मुद्दे हैं, जिन्हें माननीय तरजीह दें तो लोगों को सहूलियत होगी। विधायकों को डेढ़-डेढ़ करोड़ की धनराशि निधि के तहत शासन से दी गई है। अब इस धनराशि से जिले का विकास कराया जाएगा।
इस संबंध में सीडीओ सत्य प्रकाश की ओर से सभी विधायकों को पत्र जारी कर अवगत कराया गया है। विधायक जो प्रस्ताव भेजेंगे उस पर कार्य कराया जाएगा। एमएलसी नरेश उत्तम निधि में भी डेढ़ करोड़ की धनराशि आई है। इस प्रकार छह विधायकों और एक एमएलसी को मिलाकर कुल 10 करोड़ 50 लाख की धनराशि क्षेत्र विकास के लिए शासन ने अवमुक्त की है।
विज्ञापन

- बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने बताया कि विधायक निधि से जिन ग्रामीण क्षेत्रों में पार्कों का निर्माण हो चुका है, वहां ओपन जिम पर पैसा खर्च किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा। सीएचसी की व्यवस्थाओं को भी अधिक से अधिक विकसित किया जाएगा। सीएचसी स्तर की सभी जांचें लोगों को उपलब्ध कराई जाएंगी।
- जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि निधि से गांव के प्रमुख संपर्क मार्गों को दुरुस्त कराया जाएगा। इसके साथ ही गांव में दाह संस्कार स्थल का निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में बारातशाला का निर्माण कराया जाएगा। सीएचसी स्तर में सभी प्रकार की जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
- खागा विधायक कृष्णा पासवान ने बताया कि पहली प्राथमिकता में गांवों में सड़क, नाली-खड़ंजा और पेयजल की सहूलियतें दी जाएंगी। इसके बाद धाता और खखरेेरू क्षेत्र में विशेष फोकस होगा। निधि के अतिरिक्त भी बड़ी परियोजनाओं के लिए शासन से पैरवी की जाएगी।
- हुसेनगंज विधायक ऊषा मौर्या ने बताया कि क्षेत्र के कई गांवों में पुराने हैंडपंपों से खराब पानी आने की सूचना है, वहां साफ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। बारातशालाओं का निर्माण और सड़कें बनवाना हमारी प्राथमिकता है। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री कोष से भी मदद ली जाएगी।
- अयाहशाह विधायक विकास गुप्त कहते हैं कि यमुना कटरी के गांवों में संपर्क मार्ग, बिजली व्यवस्था एवं पेयजल संसाधन विकसित कराना प्राथमिकता है। इसके अतिरिक्त गाजीपुर-विजयीपुर मार्ग के लिए भी शासन स्तर पर पैरवी की जा रही है।
- फतेहपुर विधायक चंद्रप्रकाश लोधी का कहना है बारिश में सड़कें खराब हैं, पहली प्राथमिकता नई सड़कें बनवाने और पुरानी सड़कों की मरम्मत कराने की है। इसके अतिरिक्त जिन गांवों में पेयजल की समस्या है, वहां हैंडपंप लगवाने के साथ ही बिजली समस्या दुरुस्त कराई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें