बहुआ। शादी के तीन माह बाद विवाहिता ने रविवार को निर्माणाधीन कमरे में फांसी लगा ली। विवाहिता की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पर पहुंचे सीओ ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के चुरियानी गांव निवासी महावीर की पुत्री सूरजकली (20) की शादी 22 अप्रैल को बहुआ कस्बे के गांधीनगर मोहल्ला निवासी जितेंद्र पासवान के साथ हुई थी। पति जितेंद्र ने बताया कि रविवार को घरेलू बातों को लेकर कहासुनी हुई थी। जिसके बाद दोपहर को पत्नी छत में बने शौचालय में जाने की बात कहकर ऊपर चली गई।
काफी देर तक वह नहीं लौटी तो वह लोग छत पर पहुंचे। जहां निर्माणाधीन कमरे में रखी बल्ली पर केबिल के फंदे से पत्नी लटकी हुई थी। घटना की सूचना पर मृतका की मां कुसुम कली, बहन प्रियंका व पिता पहुंचे। पिता महावीर ने बताया कि दामाद जितेंद्र और ससुरालियों ने मिलकर बेटी की हत्या की है। उसके बाद शव को फंदे पर लटकाया है।
सीओ प्रगति यादव मौके पर जांच करने पहुंची। उन्होंने मायके पक्ष को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। थानाध्यक्ष आलोक पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।