फतेहपुर। प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने विकास भवन में अधिकारियों के साथ बैठक करके विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद जिला अस्पताल का निरीक्षण कर शहर के तुराबली का पुरवा का पैदल भ्रमण किया। लेखपाल के खिलाफ शिकायत मिलने पर उसे हटाने का निर्देश दिया। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय में जाकर शिक्षा की गुणवत्ता देखी। फिर सलेमाबाद गोशाला का निरीक्षण कर गोबर से बनने वाले लट्ठे की मशीन व वर्मी कंपोस्ट खाद को देखा। अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोबर के लट्ठे व वर्मी कंपोस्ट की बिक्री बाजार में कराई जाए ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें।
विकास भवन सभागार में कानून व्यवस्था को लेकर जीरो टॉलरेंस, मिशन शक्ति, सड़क सुरक्षा, फुट पेट्रोलिंग, थाना दिवस, संपूर्ण तहसील समाधान दिवस, आईजीआरएस-प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति देखी। पीएम गरीब कल्याण योजना से खाद्यान्न वितरण, पीएम और सीएम आवास, जल जीवन मिशन सहित अन्य योजनाओं की जानकारी ली। निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। स्कूल चलो अभियान चलाकर शत प्रतिशत बच्चों के नामांकन करने को कहा। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड बनाकर उपचार का लाभ दिलाया जाए।
जिला अस्पताल में आयुष्मान (गोल्डन कार्ड) कक्ष, इमरजेंसी व जनरल वार्ड, एक्सरे कक्ष, डायलिसिस परिसेवा कक्ष को देखा। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने, अच्छा व्यवहार किए जाने के निर्देश दिए। कहा कि मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखी जाएं। इमरजेंसी वार्ड व डायलिसिस यूनिट में भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य और दवा की जानकारी ली। सलेमाबाद गोशाला निरीक्षण में गोवंशों को गुड़ खिलाया। भूसा, खली और हरे चारे की उपलब्धता देखी। राज्यमंत्री ने कहा कि दुधारू गायों को कुपोषित बच्चों के माता-पिता को दिया जाए।
नवनिर्मित चिल्ड्रेन पार्क में कंजी का पौधा लगाया गया। सलेमाबाद उच्च प्राथमिक स्कूल में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। गांव के लोगों ने क्षेत्रीय लेखपाल की शिकायत की। इस मौके पर जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, खागा विधायक कृष्णा पासवान, एसपी राजेश कुमार सिंह, सीडीओ सत्यप्रकाश, एडीएम न्यायिक धीरेंद्र प्रताप, एडीएम वित्त विनय कुमार पाठक, सीएमओ डॉ. सुनील भारतीय, डीएफओ रामानुज त्रिपाठी, पीडी डीआरडीए एमपी चौबे, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी जोगेन्द्र सिंह यादव, एसडीएम सदर नंदप्रकाश मौर्य, सीओ सिटी डीसी मिश्र और सलेमाबाद ग्राम प्रधान नीतू सिंह पटेल मौजूद रहे।