गड्डियन पुरवा में एक दूसरो को मिठाई खिलाते बसपाई। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
बिंदकी। यूरिया खाद के लिए किसान पूरे दिन लाइन लगा रहे हैं। पांच से छह घंटे खड़े होने के बाद दो बोरी से अधिक खाद नहीं मिल पा रही है।
कुंवरपुर रोड मंडी समिति के पास इफको किसान सेवा केंद्र में रोज 27 टन यूरिया की आपूर्ति फूलपुर प्रयागराज से की जा रही है। यूरिया लेने वाले किसानों की सुबह होते ही लाइन लग जाती है। गुरुवार को इफको किसान सेवा केंद्र में 200 किसानों की लाइन लगी रही। अपना नंबर पहले लगाने के लिए किसानों के बीच कई बार कहासुनी और विवाद भी हुआ। इफको केंद्र में पुलिस बुलानी पड़ी। देर शाम सात बजे के बाद भी किसानों की भीड़ कम नहीं हुई। किसानों का कहना है कि दो बोरी यूरिया गेहूं और आलू की फसल में छिड़काव के लिए पर्याप्त नहीं है। केंद्र प्रभारी विनय श्रीवास्तव ने बताया कि रोज एक ट्रक यूरिया इफको प्लांट फूलपुर प्रयागराज से आती है।
हसवा संवाद के मुताबिक किसानों का आरोप है कि सहकारी समिति में प्रिंट रेट से अधिक दाम पर यूरिया मिल रही है। पल्लेदारी के नाम पर 10 रुपये यूरिया में अतिरिक्त लिया जा रहा है। मिचकी गांव से खाद लेने आए पंकज ने बताया कि 280 रुपये की बोरी दी गई है। इसका प्रिंट मूल्य 265.50 रुपये है। शिवमोहन ने बताया कि समिति में यूरिया की बोरियां फटी हैं। इससे कम मात्रा में यूरिया मिल रही है और रुपये तय रेट से अधिक लिए जा रहे हैं। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता रामनयन सिंह ने बताया कि अगर कोई सचिव तय रेट से अधिक दाम पर खाद बेच रहा है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।