हुसैनगंज (फतेहपुर)। सात साल के बच्चे की कुकर्म के बाद पड़ोसी ने हत्या कर दी। उसके बाद शव अपने ही गिरे घर में आधा गाड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव का सात साल का बच्चा कक्षा दो में पढ़ता था। बच्चा सोमवार दोपहर दो बजे से लापता था। परिजन खोजबीन कर रहे थे। तभी कुछ लोगों ने बच्चे को मंदिर के पास शिवपूजन पांडेय उर्फ श्यामू (35) के साथ देखने की बात बताई। शिवपूजन से पूछताछ की तो उसने पान मसाला और टॉफी मंगाने की बात कबूली। कहा, फिर वह घर चला गया था। कोई पता न लगने पर रात आठ बजे असनी पुलिस चौकी में सूचना दी। सुबह परिजनों ने फिर खोजबीन शुरू की।
संदेह होने पर शिवपूजन के खंडहरनुमा घर में ग्रामीण पहुंचे। दरवाजे के पास गड्ढे में औंधे मुंह बच्चे का शव गड़ा मिला। उसके सिर, मुंह, नाक और नाजुक अंगों में चोट के निशान पाए गए। शव मिलने की सूचना पर थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह पहुंचे। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने शिवपूजन को गांव के पास से पकड़ लिया। एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि कुकर्म के बाद हत्या की गई है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जघन्य अपराध के लिए आरोपी को फांसी की सजा दिलाने का प्रयास पुलिस करेगी।