फतेहपुर। यमुना नदी का बहाव तेज होने से कटान शुरू हो गई है। ललौली क्षेत्र के हड़ाही गांव किनारे तेजी से कटान हो रही है। एक बड़ा पीपल का पेड़ कटान की जद में आ गया है। वहीं, यमुना का पानी तीन दिन से तटवर्ती गांव के प्रमुख मार्गों पर भरा हुआ है। इससे ग्रामीणों को निकलने में दिक्कत हो रही है। हालांकि गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है।
हरियाणा के हथिनीकुंड बांध से छोड़े गए पानी से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जलस्तर चेतावनी बिंदु की ओर बढ़ रहा है। शनिवार को सिंचाई विभाग की रिपोर्ट के अनुसार यमुना नदी का जलस्तर 97.96 मीटर पर पहुंच गया है।
चेतावनी बिंदु 99.00 मीटर पर है। यमुना की बाढ़ से कोर्राकनक-मैनाही मार्ग पर ढाई फुट तक पानी तीन दिन से भरा हुआ है। इस सड़क से हड़ाही, मैनाही, छोटी धोबिया, बड़ी धोबिया, बेलखरा, बसंत का डेरा, डड़ियार, देवरी, भूप का डेरा गांव के लोगों का आवागमन बंद हो गया है।
कोर्राकनक से घनश्याम का डेरा से घूमकर लोगों को बहुआ कस्बा आना पड़ रहा है। यमुना के तेज बहाव से मैनाही, हड़ाही, बसंत का डेरा व पलटूपुर की जमीनों की कटान शुरू हो गई है। गंगा का जलस्तर 99.05 मीटर पर है, जबकि खतरे का निशान 100.86 मीटर पर है।
..........
गंगा और यमुना का बीते सप्ताह का जलस्तर
गंगा का खतरे का निशान-- 100.86 मीटर, चेतावनी बिंदु- 99.86
रविवार-- 99.510 मीटर
सोमवार-- 99.580 मीटर
मंगलवार-- 99.540 मीटर
बुधवार-- 99.430 मीटर
गुरुवार-- 99.380 मीटर
शुक्रवार-- 99.220 मीटर
शनिवार-- 99.05 मीटर
....
यमुना का खतरे का निशान-- 100.00 मीटर, चेतावनी बिंदु-- 99.00
रविवार--- 87.95 मीटर
सोमवार--- 93.35 मीटर
मंगलवार--- 94.47 मीटर
बुधवार--- 94.43 मीटर
गुरुवार--- 97.10 मीटर
शुक्रवार--- 97.72 मीटर
शनिवार--- 97.96 मीटर