असोथर। कर्ज से परेशान किसान की सोमवार रात जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के रामनगर कौहन गांव के रहने वाले किसान राजेंद्र उर्फ मुन्ना सिंह (50) घर से सोमवार दोपहर बाजार सब्जी लाने को निकला था। जरौली मार्ग पर महुहाई बाग के पास मंगलवार सुबह सड़क किनारे राजेंद्र का ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा।
ग्रामीणों की सूचना पर परिजन व पुलिस पहुंची। महुआईबाग के ग्रामीणों ने बताया कि राजेंद्र रात को नशे में लड़खड़ाते जा रहा था। वह पानी मांग रहा था। राजेंद्र के पांच पुत्र ननकू, रावेंद्र सिंह उर्फ चुनकू, चौबे, प्रभात, अनूप हैं। ननकू ने बताया कि पिता के घर न आने पर लगा कि वह खेत चले गए होंगे। मौके पर जाकर देखा तो पिता के मुंह से झाग निकला था। उन्होंने केसीसी खाते व लोगों से काफी कर्ज ले रखा था।
कर्ज व मां की मौत के बाद से वह मानसिक तनाव में रहते थे। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मौर्य ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।