खागा धाता मार्ग में दुर्घटना के बाद ग्रामीण लगाए जाम
- फोटो : accident
बेकाबू मौरंग लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को शनिवार शाम टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किसान अमृतलाल यादव उर्फ लल्लू (45) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। परिजनों व ग्रामीणों ने मार्ग में शव रखकर जाम लगा दिया। करीब शाम छह बजे से पुलिस प्रशासन रात आठ बजे यातायात को बहाल करा सकी। पुलिस ने रक्षपालपुर खखरेरू से आने वाले वाहनों व धाता से खागा की जाने वाले वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजा। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे जिससे सिर में गंभीर चोट लगी।
धाता थाना क्षेत्र के डेंडासाई गांव निवासी किसान अमृतलाल अपने साथी रामचंद्र के साथ बाइक से विजयीपुर गए थे। वहां से लौटकर गांव आ रहे थे तभी डेंडासाई के पास ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक में पीछे बैठे अमृतलाल उछलकर सड़क पर गिरे और सिर में हेलमेट न लगाए होने से गंभीर चोट लगी।
तभी चालक ने ट्रैक्टर भगाने के प्रयास में उसे कुचल भी दिया। उधर रामचंद्र भी हेलमेट न लगाए होने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देखकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना देखकर दौड़े ग्रामीणों ने चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग पर खागा धाता मार्ग में जाम लगा दिया गया और पुलिस को शव नहीं उठाने दिया।
जाम की सूचना पाकर एसडीएम बलराम सिंह, सीओ अतुल चौबे घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति नियंत्रित में करने के लिए येलो टीम बुलाई गई। येलो टीम में किशनपुर, खखरेरू, खागा कोतवाली और सभी चौकि यों का फोर्स पहुंच गया। काफी समझाने बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हो सके।
मृतक के इलाहाबाद में रहने वाले बेटे अरुण के रात करीब सवा आठ बजे आने पर ग्रामीणों ने जाम खोला। तब पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसडीएम ने बताया कि मृतक के परिवार को किसान बीमा, पारिवारिक बीमा योजना, मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मुआवजा दिलाया जाएगा।