संवाद न्यूज एजेंसी
अमौली। बाइकों की भिड़ंत में एक किसान की शनिवार शाम मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। चांदपुर थाना क्षेत्र के एत्मादपुर निवासी जय कुमार सचान (50) किसान थे। वह बाइक से अमौली बाजार आए थे। बाजार से शाम को घर लौट रहे थे। थाना क्षेत्र के ही बरमपुर मोड़ के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे बुलेट सवार से बाइक सवार किसान की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद बुलेट सवार मौके से भाग निकला। हादसा देेखकर आसपास के लोग पहुंचे। घायल को सीएचसी ले गए। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई रंजीत की तहरीर में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे से पत्नी संगीता का हाल बेहाल हो गया। उसका एक पुत्र अंकित रुड़की में आईआईटी कर रहा है। थानाध्यक्ष किशन सिंह ने बताया कि बुलेट बाइक सवार की पहचान की जा रही है।