औंग। थाना क्षेत्र के गोधरौली गांव में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर सरिया फैक्टरी के सामने खड़े ट्रक दुर्घटना के कारक बन रहे हैं। सैकड़ों की संख्या में प्रतिदिन झारखंड और बिहार प्रांत से ट्रक, ट्रेलर से इंगल लेकर आते हैं। फैक्टरी में अपनी बारी की प्रतीक्षा के लिए हाईवे पर खड़े रहते हैं। फैक्टरी के आसपास एक किलोमीटर तक ट्रक व ट्रेलर खड़े रहते हैं। साथी ही फैक्टरी से सरिया व पाइप लोड करने भी सैकड़ों ट्रक आते हैं और यह भी अपनी बारी की प्रतीक्षा में हाईवे पर खड़े रहते हैं। लोडिंग के बाद जीएसटी के झमेले से बचने के लिए रात 10 बजे के बाद यह जाते हैं। आठ सितंबर को खड़े ट्रेलर में वाराणसी से कानपुर जा रही जनरथ बस टकरा गई थी। हादसे में दो की मौत हुई थी और छह घायल हुए थे। इसके पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। हाईवे पर खड़े ट्रक व ट्रेलर का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो रहा है। अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में आधे हाईवे पर फैक्टरी के ट्रक व ट्रेलर खड़े दिखाई पड़ रहे हैं। हाईवे पर वाहन खड़ा करना अपराध है। रात-दिन पुलिस और अधिकारियों की गाड़ियां हाईवे से फर्राटा भरती हैं, लेकिन फैक्टरी के सामने हाईवे पर खड़े वाहन नजरंदाज कर दिए जाते हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया हाईवे पर वाहन खड़े मिलेंगे तो कार्रवाई की जाएगी।