जहानाबाद। कस्बे में 28 अक्तूबर को प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ अभियान अब दिवाली के बाद चलाया जाएगा। दुकानदारों ने त्योहार को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष आबिद हसन और अधिशासी अधिकारी पंकज सिंह से इसे टालने की मांग की थी। कस्बे के मुख्य मार्ग की पटरियों और फुटपाथ पर दुकानदारों, ठेला व गुमटी संचालकों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति भी बनी रहती है। समस्या के कारण नगर पंचायत ने 28 अक्तूबर को अभियान चलाने की तैयारी की थी। दुकानदारों ने दिवाली के त्योहार का हवाला देकर समय मांगा। अधिशासी अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष ने दिवाली तक अभियान स्थगित करने का निर्णय लिया है। पर्व के बाद मुख्य मार्ग और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाया जाएगा।