बिंदकी। बकेवर से बिंदकी मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। कस्बे के अंदर मार्ग के दोनों तरफ अतिक्रमण चौड़ीकरण में अड़चन बना हुआ है। पीडब्ल्यूडी विभाग अब अवैध निर्माण ढहाने की शुरुआत करेगा।
बकेवर कस्बे से लेकर बिंदकी कस्बे के खजुहा चौराहे तक 16 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। यह कार्य 25 करोड़ रुपये से हो रहा है। चौड़ीकरण कार्य में बिंदकी कस्बे के भीतर कटरा मोहल्ले से लेकर खजुहा चौराहे तक अवैध कब्जा व अन्य निर्माण रोड़ा बने हैं। उन्हें तोड़ने के लिए फरवरी माह में 82 से अधिक लोगों को नोटिस जारी हुआ था। लोकसभा चुनाव के कारण अभियान रुक गया।
पीडब्ल्यूडी ने एसडीएम बिंदकी को अतिक्रमण अभियान चलाए जाने के लिए पत्र लिखा है। जिसके बाद 13 जून तारीख तय करते हुए एसडीएम ने बिंदकी कोतवाली, थाना बकेवर, नगर पालिका, फायर स्टेशन और विद्युत विभाग को पत्र लिखकर अभियान चलाए जाने के लिए अवगत कराया है।
अतिक्रमण हटाने के एक हफ्ते बाद पीडब्ल्यूडी नाला निर्माण और मार्ग चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराएगा। एई संतोष कन्नौजिया ने बताया कि स्थानीय प्रशासन को लिखित पत्र के माध्यम से अवगत करा दिया गया है। 13 जून से अभियान चलाया जाएगा।