चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र बिंदकी रोड द्वितीय की लाइनों से शनिवार रात चोरों ने 15 लाख के बिजली के तार चोरी कर लिए। चोरों ने करीब 30 खंभों से 33 केवी और 11 केवी की लगभग छह किलोमीटर लंबी लाइन के तार काटे। अवर अभियंता सुंदरम यादव ने पुलिस को बताया कि 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त थी और 11 केवी लाइन निर्माणाधीन थी। चोरों ने इसी स्थिति का फायदा उठाया। रविवार सुबह लाइनमैन रामबाबू और राम कुमार ने घटना की जानकारी दी। चोरों ने महरहा-बिंदकी मार्ग से गुगौली के 13 खंभों की लाइन से लगभग 2800 मीटर तार और 17 खंभों की निर्माणाधीन 11 केवी लाइन से लगभग 3300 मीटर तार चुरा ले गए। तीन खंभे भी क्षतिग्रस्त किए गए। थानाध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश में छापा मारा जा रहा है।