फतेहपुर। असोथर उपकेंद्र के थरियांव फीडर के दो खंभा तीन दिन से टूटे पड़े हैं। इससे पांच गांवों की बिजली आपूर्ति बंद है, जिससे करीब 15 हजार की आबादी प्रभावित है और 35 से अधिक निजी ट्यूबवेलों में बिजली नहीं पहुंच रही है।
असोथर से थरियांव सड़क में टीकर गांव के पास मंगलवार रात अज्ञात वाहन ने 11 केवीए लाइन के खंभा में टक्कर मार दिया था। इससे दो खंभे टूट गए और एक लोहे का खंभा झुक गया, जिससे कोर्रा सादात, मेड़ी का पुरवा, सूबेदारपुर, मीरपुर और सेमरा गांव की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। ग्रामीण राहुल सिंह, छेदीलाल, राजेंद्र मौर्य और कमलेश यादव ने बताया कि बिजली के खंभा टूटने की शिकायत किया गया है, लेकिन अभी तक खंभा नहीं बदले गए हैं।
बिजली न आने के कारण घरों में लगे विद्युत उपकरण शोपीस बने हैं। इनवर्टर भी बोल गए हैं, जिससे शाम होते ही अंधेरा हो जाता है। शाम को मोमबत्ती जलाकर घरों में प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है। बिजली विभाग के अधिकारी टूटे खंभों को सही कराने की सुधि नहीं ले रहे हैं। उपखंड अधिकारी मोहम्मद जाहिद सिद्दीकी ने बताया कि तीन खंभे मौके पर भेज दिए गए हैं और उन्हें लगाकर बिजली आपूर्ति सही कराने के लिए लाइनमैनों को लगाया गया है। देर शाम व सुबह तक आपूर्ति बहाल कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है।