- कार की सीट पर रखा दुकानदार का बैग पार किया
संवाद न्यूज एजेंसी
चौडगरा। कार से मोबिल ऑयल बहने का झांसा देकर टप्पेबाज 80 हजार रुपये उड़ा ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कल्यानपुर थाने के पहुर गांव निवासी अरुण सिंह उर्फ राजू की चौडगरा में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। वह बुधवार सुबह कार से दुकान पहुंचे। दुकान खोलकर सामान सेट कर रहे थे। इसी दौरान दुकान पर एक युवक पहुंचा। राजू को इशारा कर बताया कि उनकी कार से मोबिल ऑयल गिर रहा है। इस पर अरुण ने कार को अनलॉक किया। कार का बोनट उठाकर देखने लगे। तभी टप्पेबाज सीट पर रखा बैग दरवाजा खोलकर निकाल ले गया। कुछ देर बाद सीट से बैग गायब देखकर दुकानदार के होश उड़ गए। सीसीटीवी फुटेज में टप्पेबाज कार के नीचे मोबिल ऑयल उड़ेलता दिख रहा है।
घटना की सूचना पर चौकी प्रभारी लक्ष्मीकांत सेंगर मौके पर पहुंचे। आसपास टप्पेबाज की तलाश की। कोई सुराग नहीं लगा। घटनास्थल से 300 मीटर दूर हाईवे की सर्विस लेन पर उनका बैग पड़ा मिला। बैग में लैपटॉप और कागजात सुरक्षित थे। बैग से 80 हजार की रकम गायब थी। पुलिस ने एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए पकड़ा है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार यादव ने बताया कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।