फतेहपुर। बाकरगंज चमड़ा मंडी स्थित शाॅपिंग माल के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने को लेकर अधिकारी सुबह से ही कमर कसकर तैयार थे। सुबह आठ बजे ही मौके पर पहुंचकर तोड़ने की कार्रवाई शुरू कराई, लेकिन कम क्षमता के बुलडोजर शाम तक कुछ हिस्सा ही तोड़ सके। इससे वे भी मायूस दिखे। उनका कहना है कि अधिक क्षमता का बुलडोजर मिलने पर ही अगली कार्रवाई करेंगे।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पनी निवासी सपा नेता हाजी रजा मोहम्मद, फरीद खान व आयशा खातून का बाकरगंज चमड़ा मंडी स्थित अर्द्धनिर्मित शॉपिंग मॉल के अवैध निर्माण को तोड़ने को लेकर मंगलवार सुबह से ही तेजी दिखी। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर सील कर दिया गया। 15 फीट के बुलडोजर से माल ढहाने की कार्रवाई शुरू हुई। इसे देखकर अधिकारियों ने अधिक क्षमता के बुलडोजर की मांग की। संबंधित जिम्मेदार विभाग ने असमर्थता जताई। इस पर उसी बुलडोजर से कार्रवाई चालू रखी गई। दोपहर तक कुछ हिस्सा ही तोड़ने पर दो अन्य बुलडोजर अन्य कंपनियों से मंगाए गए, लेकिन वे भी कम क्षमता के ही मिले। ऐसे में तीन बुलडोजर शाम तक आधा हिस्सा भी नहीं गिरा सके। इसे देखकर अधिकारियों में भी निराशा थी। उनकी मंशा थी कि अधिक क्षमता का बुलडोजर मिल जाता, तो शाम तक पूरा माल ध्वस्त कर देते। अब अधिक क्षमता के बुलडोजर मिलने के बाद माॅल के शेष हिस्से को ढहाने का काम होगा।