हसवा। बिलंदा हाईवे से शहाबुद्दीनपुर तक लगभग आठ किलोमीटर की सड़क का निर्माण अधर में लटका है। शिलान्यास के बाद ठेकेदार ने गिट्टी डालकर काम बंद कर दिया है। इससे राहगीरों को आवागमन के दौरान असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
बिलंदा हाईवे से शहाबुद्दीनपुर तक जाने वाली जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए सरकार ने विभाग को तीन करोड़ 94 लाख अनुमन्य बजट दिया है। इसका शिलान्यास भी केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने दिसंबर 2022 में किया था। शिलान्यास के तुरंत बाद संबंधित ठेकेदार ने सड़क की खोदाई कराकर गिट्टी बिछाकर काम बंद कर दिया। पांच महीने बीतने के बाद सड़क पर डामर की लेप नहीं बिछाई गई है। आगे का निर्माण कार्य विभागीय जिम्मेदारों व ठेकेदार की उदासीनता के कारण काम अधर में लटका हुआ है। इससे राहगीरों को सड़क से आवागमन में असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। बिछी गिट्टियों में फिसलकर राहगीर आए दिन चोटिल होते हैं।
सड़क बनने से एकारी, टीसी, अतरहा, मोहनपुर, शहजादेपुर, रमवां, मिचकी, सेमरी समेत कई अन्य गांव के लोगों की राह आसान हो जाएगी।
एकारी निवासी रामबिहारी साहू का कहना है कि पिछली बारिश में सड़क किनारे जेसीबी से खोदाई करके छोड़ दिया था। इसके बाद पूरी बारिश राहगीर वाहन से निकल नहीं पाए। सड़क पर दलदल बन गया था। लोग रास्ता बदलकर जाने को मजबूर रहे। अतरहा प्रधान रोहित यादव ने बताया कि अगली बारिश फिर आने वाली है। लेकिन काम रुका पड़ा है। इसके कारण फिर वही समस्या पैदा होगी। विभाग की कच्छप गति के कारण निर्माण कार्य फिर नहीं पूरा कर पाएंगे। टीसी प्रधान प्रतिनिधि राहुल मिश्रा कहना है कि सड़क पर पड़ी गिट्टियां रोज लोगों को चुटहिल कर रहीं हैं। विभाग डामरीकरण नहीं करा रहा है। इस विषय पर डीएम से मिलकर समस्या से अवगत कराया जाएगा।
बयान:-
बिलंदा हाईवे से शहाबुद्दीनपुर मार्ग पर टीसी गांव के कुछ लोगों ने ठेकेदार से अभद्रता की थी। अभद्रता करने वाले अपने को भाजपा नेता बताते हैं। उनका कहना कि तीन घर गिराए जाएं। एक ने हाईकोर्ट से स्टे भी ले लिया है।
दिवाकर, एक्सईएन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना
..........................