संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। बेसिक शिक्षा विभाग परिवारों का सभी रिकार्ड संकलित कर रहा है। शिक्षक परिवारों का डाटा एकत्र कर रहे हैं। परिवारों का डाटा प्रेरणा पोर्टल में अपलोड हो रहा है। आने वाली पीढ़ी में अब कोई भी बच्चा स्कूल से वंचित नहीं रह पाएगा। बच्चे की उम्र छह साल पूरी होते ही शिक्षक दरवाजे पहुंचकर बच्चे का स्कूल में दाखिला कराएंगे। बेसिक शिक्षा विभाग हर परिवार की गणना करा रहा है। परिषदीय शिक्षक गांवों मेें घर-घर जाकर परिवारों का आंकड़े एकत्र करे रहे हैं। प्रत्येक परिवार के सदस्यों के डाटा प्रेरणा पोर्टल में अपलोड होंगे। प्रेरणा पोर्टल में पूरे जिले के हर परिवार का डाटा उपलब्ध होगा। किस परिवार में कितने सदस्यों के नाम के साथ उम्र अंकित होगी। उसमें किसी सदस्य की उम्र छह से 14 साल के मध्य होगी, तो उसका स्कूलों में नामांकन कराया जाएगा। प्रेरणा पोर्टल में परिवारों के डाटा उपलब्ध होने के बाद कोई शिक्षक गांव में बच्चे न होने का जवाब नहीं दे सकेगा। स्कूल क्षेत्र के नौनिहाल की उम्र छह साल पूरी होते ही क्षेत्रीय स्कूल के शिक्षक बच्चे के घर पहुंचकर उसका दाखिला स्कूल में कराएंगे। नए सत्र की शुरुआत में अधिकारी नामांकन की स्थिति प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से समीक्षा करेंगे। डीसी सामुदायिक शिक्षा अखिलेश सिंह भदौरिया का कहना है कि जिले के प्रत्येक परिवार का ब्योरा प्रेरणा पोर्टल में अपलोड हो रहा है। शिक्षक प्रत्येक गांव के परिवारों के आंकड़े एकत्र कर प्रेरणा पोर्टल में अपलोड कर रहे हैं।