फतेहपुर। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। मेडिकल कॉलेज को तीन महीने में पूरा बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले का मेडिकल कॉलेज प्रदेश के लिए मॉडल बनेगा। काम की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने ब्लॉक तेलयानी के सलेमाबाद स्थित नरसिंह बाबा गौरक्षा आश्रम की गोशाला का भी निरीक्षण किया।
दो दिवसीय दौरे पर आए डिप्टी सीएम ने मंगलवार को सुबह तांबेश्वर मंदिर में मत्था टेेका। इसके बाद ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचे। यहां पर छात्रों से मुलाकात की। लाइब्रेरी, एनाटॉमीफिजियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री सहित लेक्चर हाल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई मेडिकल कॉलेजों का निरीक्षण किया। उसमें सबसे बेहतरीन जिले का मेडिकल कॉलेज है। यह प्रदेश के लिए मॉडल बनेगा। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की खामी को भी उजागर किया। कहा कि मुख्य कक्ष के बाहर जमीन समतल नहीं है और नाली बीच में है। ऐसे में स्ट्रेचर का मरीज परेशान होगा। उन्होंने इसे सुधारने का निर्देश दिया। वहीं कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को तीन माह के अंदर काम समाप्त करने के लिए आगाह किया। इसके बाद ब्लॉक तेलयानी के सलेमाबाद स्थित नरसिंह बाबा गौरक्षा आश्रम पहुंचे। यहां पर गोवंश संरक्षण की जानकारी ली। गोबर के लट्ठे बनाने की प्रक्रिया समझी। वर्मी कंपोस्ट की जानकारी ली। मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल ने बताया वर्मी कंपोस्ट मुनाफा का 70 प्रतिशत समूह को दिया जा रहा है और 30 प्रतिशत गौशाला की व्यवस्था में खर्च किया जा रहा है।
पीएम आवास लाभार्थी गायत्री देवी के घर भी डिप्टी सीएम पहुंचे। वहां पर जलपान किया और गायत्री देवी के पति प्यारेलाल से बातचीत की। उन्होंने लाभार्थी का गोल्डन कार्ड बनाने का निर्देश एसडीएम का दिया। इस मौके पर डीएम श्रुति, सीडीओ सूरज पटेल, सीएमओ डॉ. सुनील भारती, प्राचार्य आरपी सिंह, जिला अस्पताल के सीएमएस पीके सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।