फतेहपुर। सपा नेता हाजी रजा के अर्धनिर्मित शॉपिंग मॉल ढहाने का कार्य दूसरे दिन बुधवार को मजदूरों और हैमर मशीन की मदद से चला। निर्माण ढहाने का काम कई दिन तक चलने की उम्मीद है। निर्माणस्थल की ऊंचाई तक पोकलैंड मशीन के न पहुंचने की वजह से मजदूरों से तोड़फोड़ चालू कराई गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पनी निवासी सपा नेता हाजी रजा मोहम्मद, फरीद खान व आयशा खातून की बाकरगंज चमड़ा मंडी स्थित जमीन पर बना अर्द्धनिर्मित चार मंजिल के शॉपिंग मॉल का निर्माण प्रशासन ने अवैध घोषित किया है। निर्माण ध्वस्तीकरण पर मंगलवार को पोकलैंड मशीन लगी थी। मशीन सामने की दो मंजिल ही ढहा सकी। मशीन ऊंचाई तक नहीं पहुंच सकी। अंदर के निर्माण ढहाने में नाला सामने आया है। पोकलैंड रात को लौट गई। प्रशासन ने सुबह हैमर मशीन के साथ मजदूराें को निर्माण ढहाने में लगाया है। इस दौरान एसडीएम प्रदीप कुमार रमण, कोतवाल तारकेश्वर राय व कई थानों का फोर्स मौजूद रहा। बता दें कि सपा नेता पर गैंगस्टर समेत 23 मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि इनमें 17 मुकदमों में सपा नेता को क्लीन चिट मिल चुकी है।
दूसरे दिन यातायात रखा बहाल
निर्माण ढहाने के दूसरे दिन पुलिस ने मार्ग पर यातायात बहाल रखा। अब मजदूर निर्माण ढहाने का काम रहे हैं। इसी वजह से राहगीरों को खतरा नहीं रह गया है।
भाजपाई टोह लेने पहुंचते रहे
अवैध निर्माण ढहाए जाने की भाजपा कार्यकर्ता टोह लेने को पहुंचते दिखे। उनकी लगातार आवाजाही बनी रही। सोशल मीडिया पर कार्यकर्ता अपने आला नेताओं को कार्रवाई का श्रेय देने में कोई कसर नहीं छोड़ते दिखे।
30 अवैध निर्माणों पर निगाह
शहर में 30 से अधिक अवैध निर्माण के मामले हैं। सभी विचाराधीन हैं। जिला प्रशासन की निगाह अवैध निर्माण पर टेढ़ी है। विभाग माॅल के आसपास के निर्माण के दस्तावेजों को भी खंगाल रही है।