चौडगरा। लोगों ने नेशनल हाईवे पर मुरादीपुर से शुक्ला होटल के बीच स्थित बक्सर मोड़ पर ओवरब्रिज या अंडरपास निर्माण की मांग उठाई है। समाजसेवी अजीत कुमार सैनी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के परियोजना निदेशक को पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराया है। पत्र में कहा गया है कि सड़क पार करने की सुरक्षित व्यवस्था न होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और किसानों को परेशानी हो रही है और अब तक कई घटनाएं भी हो चुकी हैं। फतेहपुर से बक्सर या उन्नाव लखनऊ जाने वालों को तीन से चार किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय की बर्बादी के साथ दुर्घटना और जाम की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में एनएचआई के पीडी पंकज यादव से संपर्क का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं हो सकी। संवाद