फोटो 26- थरियांव थाने में मृतका के भाई व बहन
- नर्सिंग होम में मौत के बाद ससुरालीजनों ने किया अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
थरियांव। प्रसव के दौरान नर्सिंग होम में जच्चा और बच्चा की मौत हो गई। घटना के बाद ससुरालीजनों ने शवों का अंतिम संस्कार किया है। इधर, मृतका का भाई और बहन शुक्रवार को थाने पहुंचे। थाने में ससुरालीजनों पर मृतका को प्रताड़ित किए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया है।
असोथर थाना क्षेत्र के खैदीपुर गांव निवासी करण यादव ने बताया कि उसकी बहन पूजा की शादी 12 मई को थरियांव थाना क्षेत्र के रामपुर इमादपुर निवासी रजोल यादव के साथ हुई थी। थरियांव थाने में शिकायती पत्र देकर करण और उसकी बड़ी बहन सीमा ने बताया कि शादी के बाद बहन पूजा को ससुरालीजन प्रताड़ित करते थे। उसने उत्पीड़न की शिकायत कई बार पुलिस से की थी। पुलिस समझौता कराकर घर भेज देती रही। करीब आठ माह पहले पूजा गर्भवती हो गई थी। गर्भवस्था में पूजा देवी की ठीक से परवरिश नहीं की गई। प्रसव पीड़ा होने पर दो दिन पहले पूजा को ससुरालीजन शहर के एक नर्सिंग होम ले गए। जहां डाक्टर ने खून की मांग की और जच्चा-बच्चा की मौत का खतरा बताया। इसके बाद भी खून का इंतजाम नहीं किया। इलाज के अभाव में पूजा देवी की मौत हो गई। आरोप लगाया कि उन लोगों को पुलिस को पूजा के शव का पोस्टमार्टम कराने की सूचना दी। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। तभी ससुरालीजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार ने एसपी से शिकायत की बात कही है। थरियांव थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने बताया कि मौत की सूचना बाद में आई है। अंतिम संस्कार पहले हो चुका था।