अमौली। ब्लॉक के गोहरारी, रेंगना, कुलखेड़ा एवं मदरी में डीसी मनरेगा करुणा करण अदीब ने फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य से वंचित किसानों के बारे में जानकारी ली। कृषि विभाग के सोनू भारती को निर्देशित करते हुए कहा कि सबसे फिसड्डी गोहरारी ग्राम पंचायत का काम पांच दिनों में पूरा करवाया जाए। भाजीताला, सिकरी, सैठी, झाऊपुर, खदरा, केवलापुर मजरे सहित गोहरारी में 289 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री बनना बाकी है। मंगलवार को दोपहर तक 135 किसान शेष मिले। इसी तरह मदरी में 158 किसानों में से 31 शेष हैं। कुलखेड़ा में 78 किसानों में केवल एक किसान बचा है जो वर्तमान में बाहर है। उपायुक्त ने बीडीओ से प्रतिदिन अपडेट लेकर हर ग्राम पंचायत में शत प्रतिशत काम पूर्ण कराने को कहा। खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार शिवहरे ने बताया कि सभी ग्राम विकास अधिकारियों को इस कार्य में लगाया गया है। समय से काम पूर्ण करा लिया जाएगा।