फतेहपुर। नवरात्र का सोमवार से शुभारंभ हो गया। पहले दिन घट स्थापना कर माता शैलपुत्री की आराधना की गई। शहर से लेकर गांव तक सुबह से ही देवी मंदिरों में अंबे तू है जगदंबे काली जय दुर्गे खप्पर वाली की गूंज रही। देवी मंदिरों के बाहर भक्तों की कतारें लगी रहीं।
मंदिर को स्वच्छ करके कलश स्थापना कर हवन पूजन किया गया। शहर के पटेल नगर चौराहा, हनुमान मंदिर मुराइन टोला, चौक शीतला मंदिर, चौक हनुमान मंदिर, राधानगर के प्राचीन शिव मंदिर, आबूनगर के पुलिस चौकी के पास, पक्का तालाब मंदिर के पास, चंदियाना, शांति नगर, देवीगंज, जयराम नगर, हरिहरगंज में मातारानी के दुर्गा पंडाल सजाए गए। राधानगर के प्राचीन शिव मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। शिवमंदिर से राधानगर चौराहे तक कलश रख कर महिलाओं ने यात्रा निकाली।
मां दुर्गा पूजा कमेटी अमौली की ओर से मां दुर्गा की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी व ब्लाक प्रमुख सुशीला सिंह ने रथ खींचकर यात्रा शुरू कराई। मां दुर्गा के भव्य रथ के साथ गणेश, कार्तिकेय, माता सरस्वती, हनुमान के रथ निकाले गए। ढोल, ताशे व डीजे के साथ नाचते-गाते भक्त गायत्री मंदिर से चौकी, पुराने पोस्ट आफिस, ब्लाक, चौराहा, मंडी समिति परिसर में पहुंचे। सभी प्रतिमाओं की स्थापना की गई। श्रद्धालुओं को लोगों ने जलपान, शरबत और पानी की व्यवस्था की। संचालक उमेश कुमार त्रिवेदी ने बताया कि 28 सितंबर को जवाबी कीर्तन और एक अक्तूबर को जागरण होगा
जहानाबाद के चुनपुज मोहल्ले के काली मंदिर में सोमवार को जवारा पूजन किया गया। जवारा मेला में मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं ने जौ बोए। चार अक्तूबर को सांगों के साथ मां काली की शोभायात्रा निकाल कर तालाब में विसर्जित किया जाएगा। इसमें प्रेमलाल, नंदी प्रकाश, शंकर मौजूद रहे। वहीं नवरात्र के पहले दिन माता आदि शक्ति शैलपुत्री की पूजा की गई। माता के दरबार में माथा टेक कर मन्नतें मांगी। श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री को सफेद पुष्प, मिष्ठान अर्पित कर आराधना की।