फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehpur News: बारिश और ओलों से कई गांवों की फसलें की बर्बाद

विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहपुर। किसानों पर फिर कुदरत की मार पड़ी। रविवार की शाम से तेज हवाएं चलीं। इसके बाद रात में बारिश शुरू हुई और कई गांवों में ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं। ओलावृष्टि इतनी तेज हुई कि गांव की गलियों और खेत पर ओलों की सफेद चादर बिछ गई। कई जगह बारिश के चलते गेहूं व जौ की फसल गिर गई। चने की फली भी झड़ गईं। सबसे अधिक नुकसान असोथर क्षेत्र में हुआ है। बेमौसम बारिश से अपने अरमान टूटते देख कई किसान फफक पड़े।
विज्ञापन

जिले के अधिकांश क्षेत्रों में रबी की फसल पक कर तैयार हो गई है। राई, सरसों की फसलों की कटाई भी शुरू हो गई है। रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने से किसानों की चिंता बढ़ गई। किसान खेतों में तेजी से काम निपटाने में जुटे रहे। शाम चार बजे से मौसम में बदलाव आना शुरू हुआ। आसमान में बादल घिरने शुरू हुए और सर्द हवाएं चलने लगीं। रात में बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। इससे खेतों में खड़ी व कटी पड़ी फसल बर्बाद हो गई। किसानों ने बताया कि रबी की फसल पककर खड़ी है। राई, सरसों की फसल कट गई है और थ्रेसिंग का काम चल रहा है। गेहूं, चना, की फसल भी पक गई है। चना काटने का काम एक सप्ताह में शुरू हो जाएग।
गेहूं की कटाई 15 दिन में शुरू होनी है। बारिश से फसलों को क्षति हुई है। मौसम विशेषज्ञ वसीम खान ने बताया कि मंगलवार तक मध्यम से घने बादल छाए रह सकते हैं। बारिश होने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 26 से 30 और न्यूनतम 16 से 19 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। नौ से लेकर 14 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
विज्ञापन


नुकसान का दिलाया जाए मुआवजा
असोथर। बेमौसम बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि गेहूं, चना, राई, सरसों, अरहर की फसलों का नुकसान हुआ है। क्षेत्र के असोथर, कौंडर, बौंडर, सरांय खालिस, टीकर, जमलामऊ, प्रेममऊ कटरा, रामनगर कौहन, अंदीपुर, कंधिया, बेसड़ी, बलारीमऊ, घरवासीपुर गांव में ओलावृष्टि हुई है। किसान नेता राजकुमार सिंह गौतम का कहना है कि कई गांवों में बारिश, ओलावृष्टि से फसलें खराब हुई हैं। प्रशासन क्षति का आकलन कराकर मुआवजा दिलवाए। पिछले सालों का मुआवजा भी किसानों को नहीं मिल पाया है। अब फिर से बारिश से फसलें खराब हो गई हैं।

बर्बाद फसलों सर्वे कराने के लिए टीम गठित
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन कराने के लिए बीमा कंपनी की टीम गठित की गई है। जिन किसानों का नुकसान हुआ है, उन्हें ब्लाक स्तर में तैनात कर्मियों को सूचना देना होगा। कृषि उपनिदेशक राममिलन सिंह परिहार ने बताया कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों की सूचना ब्लाक स्तर के राजकीय बीज भंडार, उप संभागीय कृषि प्रसाद अधिकारी कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय, उप कृषि निदेशक कार्यालय, तहसील स्तर पर फसल बीमा कंपनी के कार्यालय में किसान सूचना दे सकते हैं। बीमा कंपनी की ओर से हेल्पडेस्क स्थापित कराकर कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें