हथगाम। थाना क्षेत्र में एक युवती ने सोमवार रात पति से विवाद के बाद सल्फास खा लिया। बिगड़ी हालत में उसे परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से कानपुर रेफर किया गया। कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन शव को लेकर घर आए। मायके पक्ष के आरोप पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
असोथर थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी रामराज की पुत्री सीमा (24 वर्ष ) की नवंबर 2016 में हथगाम कस्बे के वार्ड नंबर दो निवासी शिवशंकर से शादी हुई थी। सोमवार को दंपति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। तभी महिला ने कमरे में जाकर सल्फास की गोली खा ली। बेचैनी होने पर कमरे के बाहर निकली। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया । मौत की खबर पर मायके पक्ष से पिता व परिजन पहुंचे। पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी को दहेज में एक लाख रुपये मांग को लेकर ससुरालीजन प्रताड़ित करते थे। बेटी को जहर खिलाकर ससुरालीजनों ने मार डाला है। थानेदार विनोद सिंह ने बताया कि पति, जेठ उमाशंकर व सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।