कानपुर से अपनी ससुराल जा रहे ट्रक मालिक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव हाईवे से उसकी ससुराल जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे खेत में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
कानपुर देहात में रसूलाबाद के मल्हपुर गांव निवासी कौशल किशोर तिवारी के बेटे धीरेंद्र तिवारी (35) की शादी यहां मलवां थानाक्षेत्र के चाचीखेड़ा निवासी प्रेमचंद्र की बेटी राधा से हुई थी। उसके एक बेटी रागिनी (9) और बेटा रितेश (5) हैं। करीब तीन माह पहले धीरेंद्र की कानपुर में हालत बिगड़ गई थी। ससुराल पक्ष के लोग धीरेंद्र और उसके परिवार को चाचीखेड़ा ले आए थे।
इलाज के बाद अब धीरेंद्र की हालत में सुधार आया था। वह अपना ट्रक चलाता था। उसके ससुर प्रेमचंद्र ने बताया कानपुर भाड़ा लोडिंग में ट्रक को छोड़ कर दामाद ससुराल आ रहा था। वह शाम को निकले थे। उनका शव पड़ोस के गांव भैसोंरा के पास सड़क किनारे खेत में मिलने की जानकारी मंगलवार सुबह हुई।
वह लोग मौके पर पहुंचे। प्रेमचंद्र का आरोप है कि दामाद की मौत संदिग्ध हालात में प्रतीत हो रही है। हत्या किए जाने की आशंका है। एसओ नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ठंड लगने से मौत होना मालूम पड़ रहा है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत ब्रेन हैमरेज से होना बताया गया है।