कल्यानपुर थाने के बड़ौरी टोल प्लाजा पर सेल्समैन ने पत्नी पर छीटाकशी का विरोध किया तो चालक ने उस पर पशुओं से लदा ट्रक चढ़ा दिया। सिर कुचल जाने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। टोल प्लाजा के सुरक्षा कर्मियों की मौजूद में यह वारदात हुई और चालक ट्रक लेकर भाग निकला। इससे गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर पथराव किया। जाम खुलवाने आई पुलिस से हाथापाई और नोकझोंक भी की। जैसे-तैसे समझाकर लोगों को शांत कराया गया। पत्नी का आरोप है कि टोल प्लाजा वालों ने उसके पति को मरवा दिया।
कानपुर देहात के भोगनीपुर थाने के बरिगवां निवासी अजीत त्रिपाठी (35) पुत्र स्व. रामप्रकाश कानपुर के फजलगंज इलाके की एक डिटरर्जेंट कंपनी में सेल्समैन थे। वे पत्नी सोनी त्रिपाठी और तीन साल के बेटे कृष्णा के साथ बर्रा दो में रहते थे। वे राधानगर में साले हरिओम द्विवेदी के यहां गृह प्रवेश में आए थे। रविवार को परिवार सहित लौट रहे थे।
पत्नी सोनी ने बताया कि कल्यानपुर थाना क्षेत्र के हाईवे पर टोल प्लाजा के पहले पशुओं से लदे ट्रक के खलासी ने उस पर कमेंट किया। इससे खफा पति ने ट्रक का पीछा किया। टोल प्लाजा पर ट्रक रुका तो बाइक खड़ी कर चालक के पास पहुंचे। उन्होंने चालक से खलासी को ट्रक से उतारने को कहा। इसी दौरान टोल कर्मियों ने ट्रक का टोल टैक्स काटकर आगे बढ़ा दिया। अजीत ने आगे बढ़कर ट्रक को रोकना चाहा तो चालक ने उनके ऊपर ट्रक चढ़ा दिया।
पीछे बोलेरो से आ रहे अजीत के रिश्तेदार भी आ गए। हादसा होते देख लोगों ने हंगामा और पथराव शुरू कर दिया। इससे टोल प्लाजा पर जाम लग गया। टोल प्लाजा से 50 मीटर दूर कल्याणपुर थाने पर भी हंगामा किया। बवाल की सूचना पर औंग एसओ विजय प्रताप सिंह, मलवां एसओ अनूप सिंह पुलिस फोर्स लेकर पहुंचे। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक व हाथापाई भी हुई। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर मुआवजे का आश्वासन दिया। एसओ गणेश प्रसाद सिंह ने बताया कि पत्नी सोनी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।