ललौली थाने के हिम्मतपुर गांव में एक शख्स ने पुत्रवधू को गोली मार दी। कहासुनी के बीच बहू को निशाने पर लेने वाले ने खुद पर गोली चलाकर जान भी दे दी। कमर में गोली लगने से बहू की हालत गंभीर है।
घटना गुन्ना का पुरवा निवासी झल्लू निषाद (60) के घर की है। घटना के बाद झल्लू के छोटे भाई रामराज ने पुलिस को बताया कि भाभी लक्ष्मी देवी ने करीब बीस साल पहले फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। कुछ साल बाद झल्लू के इकलौते बेटे संतोष की बीमारी से मौत हो गई थी। परिवार में झल्लू की मां रामसखी और विधवा बहू सुमन (35), पौत्र संदीप और प्रदीप हैं।
रामराज के मुताबिक झल्लू के गांव की एक महिला से संबंध इस हद तक बढ़ गए थे कि वह घर चलाने के लिए पाली गई बकरियां बेच-बेचकर महिला को रकम देने लगा था। रविवार को बच्चों की परवरिश के लिए जरूरी खर्च बहू सुमन ने मांगा तो उसने पैसे न होने की बात कही। बहू ने दूसरी महिला पर रकम खर्च करने की शिकायत रखी तो तैश में आए झल्लू ने तमंचा निकालकर बहू पर गोली चला दी। उसके लहूलुहान हालत में पहुंचते ही झल्लू ने तमंचे को फिर लोड करके अपने सीने पर गोली दाग दी। झल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर घायल बहू सुमन को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
कार्यवाहक थानेदार हेमेंद्र सिंह का कहना है कि रामराज की तहरीर पर मृतक झल्लू के खिलाफ बहू को गोली मारकर खुद की जान देने की रिपोर्ट लिखी गई है।