ललौली थाने के अढ़ावल यमुना घाट पर मंगलवार सुबह मौरंग लोड ट्रकों से बैरियर लगाकर वसूली करने पर हंगामा हुआ। वसूली से टोकने पर बैरियर वालों और ट्रक चालकों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि फायरिंग भी हुई। मारपीट में बांदा जिले के दो ट्रक चालक घायल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों में सुलह कराया।
अढ़ावल यमुना घाट में मौरंग खनन इन दिनों सुर्खियों में है। यहां रायल्टी की अदायगी के अलावा घाट के बाहर बैरियर लगाकर प्रति ट्रक 1100 रुपये की वसूली का आरोप है। जबरन वसूली को लेकर अक्सर चालक और बैरियर संचालक के आदमियों से मारपीट होती है। बांदा जिले बिछिवाही निवासी वीरेंद्र यादव और उसका छोटा भाई सुनील यादव दो ट्रकों से मौरंग लेने आए थे। मौरंग लोड कराने के बाद जब वह बैरियर पर पहुंचे, तो संचालक के आदमियों ने रोक लिया और 11-11 सौ रुपये मांगे। दोनों चालकों ने रुपये देने से मना कर दिया।
दोनों का आरोप है कि इसी बात पर कहासुनी होने लगी। बैरियर संचालकों के आदमियों ने दोनों चालकों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडों से पीटा। साथी चालकों की पिटाई देख अन्य ट्रकों के चालक लामबंद हो गए और मारपीट करने वालों को दौड़ा लिया।
बताते हैं कि चालकों के भारी पड़ने पर बैरियर वालों की तरफ से फायरिंग भी हुई। फायरिंग होने पर चालकों की भीड़ पीछे हटी। इससे करीब दो घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। दूसरी ओर एसओ ललौली राजेश कुमार मौर्य का कहना है कि घाट में मौरंग लोडिंग को लेकर ट्रक चालक और घाट के सुरक्षा कर्मियों के बीच मारपीट हुई थी। अब दोनों पक्षों ने आपस में बैठकर सुलह कर लिया है। फायरिंग की तस्दीक दोनों पक्ष ने नहीं की है। बैरियर लगाकर वसूली की जानकारी खनन विभाग को दे दी गई है। जांच कर उसकी वैधता या अवैध होने की कार्रवाई की जाएगी।