तेज रफ्तार में कार चलाकर आटो में बैठे तीन लोगों की जान ले लेने के आरोपी कार सवारों पर तीन दिन बाद एफआईआर हुई है। इन पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट लिखी गई है। हादसे में एक परिवार के पिता पुत्र समेत तीन लोगों की जान गई थी।
बता दें कि ललौली थाना क्षेत्र के अकिलाबाद गांव निवासी बीरेंद्र सिंह अपनी गर्भवती पत्नी शिखा सिंह व चार साल के बेटे राजा सिंह के साथ सोमवार को ऑटो से गांव लौट रहे थे। बहुआ कस्बा में सामने से आई तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ऑटो में आकर घुस गई थी। हादसे में ऑटो चालक सुशील पटवा निवासी सर्वोदय नगर बहुआ, बीरेंद्र सिंह व उनके मासूम बेटे राजा सिंह की मौत हो गई थी।
दुर्घटना के बाद गर्भवती की हालत भी बिगड़ी थी। पुलिस ने वीरेंद्र सिंह के भाई अवधेश की तहरीर पर बुधवार को कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज की है। कार्यवाहक एसओ मुमताज अली ने बताया कि घायल कार सवारों के बयान लेने पुलिस कानपुर जाएगी। इसके बाद ही चालक का पता लगेगा।