फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग हाईवे पर शनिवार दोपहर एक युवक को कार में बैठाने के बाद शातिरों ने जेब काटकर उतार दिया। कार से उतरने के बाद युवक को 20 हजार रुपये गायब होने का पता चला। गांव की ही एक राहगीर ने 100 नंबर पर चार बार कॉल की। कॉल रिसीव न होने पर पीड़ित युवक खुद आबूनगर पुलिस चौकी पहुंचा। एक माह पहले भी हाईवे पर लगातार तीन घटनाओं को कार सवारों ने अंजाम दिया था जिसका सुराग नहीं लग सका है।
कोतवाली क्षेत्र के सनगांव निवासी अनीस मजदूरी और खेती कर परिवार चलाता है। उसकी ससुराल गौंती में है। अनीस ने बताया कि ससुराल में एक सराफ के पास रखे पत्नी के जेवरात छुड़ाने गौंती जा रहा था। साथ में अपनी तीन साल की बच्ची रुजदा फातिमा को भी लिए था। सनगांव मोड़ हाईवे पर साधन का इंतजार कर रहा था। सफेद कार उसके पास आकर रुकी। कार में पीछे की सीट पर महिला समेत दो लोग थे। आगे की सीट पर ड्राइवर ही बैठा था।
बकौल अनीस उसे कार में पीछे खिड़की की तरफ खागा जाने के लिए बैठा लिया गया। तीन किलोमीटर जाने पर पूरब दिशा में हाईवे पर चालक ने कार रोक दी। कार चालक ने उसे कार से उतार दिया। कार जब चली गई तो पता चला कि जेब कट गई है। इस पर उसके होश उड़ गए। अनीस ने बताया कि उसके गांव का दिलशाद बाइक से कहीं जा रहा था। उसने देखा तो बाइक रोक कर आ गया। आपबीती जानने पर 12 बजकर 28 मिनट पर मोबाइल से 100 नंबर पर चार बार कॉल की। मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। तब खुद चौकी और कोतवाली में जाकर तहरीर दी। कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चेकपोस्ट पर लगे सीसी कैमरे की रिकार्डिंग से कार का पता लगाया जा सकता है।