क्षेत्र में एक ओर जहां प्रशासनिक व पुलिस अमला रूट मार्च कर रहा था वहीं दूसरी तरफ बाइक सवार बदमाशों ने एक कारोबारी को सरेराह लूट लिया। बेखौफ बदमाशों ने उसे पहले बाइक से टक्कर मार कर गिराया, कारोबारी बैग लेकर भागा तो बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिया। यह तो गनीमत रही कि गोली सिर के ऊपर से गुजर गई। इसके बाद बदमाश चार लाख रुपये से भरा बैग लेकर चंपत हो गए। सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसओजी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे एसपी ने आसपास पूछताछ की। टीम को धरपकड़ के लिए लगाया गया है।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अल्लीपुर-बहेरा गांव के मोहम्मद आलम का बेटा मोहम्मद शामून वेस्टर्न मनी ट्रांसफर कराने का काम करता है। शामून दोपहर एक बजे कस्बे की एसबीआई शाखा से साढ़े चार लाख रुपये निकालने के बाद बाइक से अकेले गांव लौट रहा था।
नौबस्ता रोड पर किसान सेवा केंद्र (फिलिंग स्टेशन) के पास उसे पल्सर सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। अनहोनी की आशंका से जब शामून ने बाइक आगे बढ़ाई तो बेखौफ बदमाशों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। कारोबारी बैग लेकर भागा तो बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि गोली सिर के ऊपर से गुजर गई।
इसके बाद बदमाश चार लाख रुपये से भरा बैग लेकर चंपत हो गए। शामून ने बताया कि बैग में बैंक से निकाली गई रकम के अलावा पैनकार्ड, एटीएम, दो बाइकों के कागजात व पर्स था जिसमें 12 सौ रुपये थे। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची। दहशतजदा भुक्तभोगी ने उन्हें घटना की जानकारी दी।
दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात के बाद पुलिस महकमे में अफरातफरी का माहौल है। कोतवाल श्रीप्रकाश यादव का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों के हुलिया का पता लगाया जा रहा है। कोशिश की जाएगी कि बैंक की सीसीटीवी में यह देखा जाय कि कहीं बदमाश बैंक से ही तो नहीं लगे थे।