मार्च्युरी हाउस में गमगीन परिजन
- फोटो : अमर उजाला
तेज रफ्तार रोडवेज बस ने शुक्रवार की दोपहर साइकिल सवार दो मजदूरों को टक्कर मार दी। कुचल जाने से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। उसे कानपुर हैलट रेफर किया गया है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरी गांव निवासी राजबहादुर (60) और रामऔतार मजदूरी करने साइकिल से जा रहे थे। टोल प्लाजा के पास कानपुर जा रही रोडवेज बस ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसा होता देखकर टोल कर्मी दौड़कर पहुंचे। टोल प्लाजा की एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल लाया गया।
डाक्टरों ने राजबहादुर को मृत घोषित कर दिया। रामऔतार की हालत गंभीर देख कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना घर पहुंची तो दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। बेटियों सीमा, कुसुम और बहू जमुना का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया। राज बहादुर के तीन बेटे राजकरन, जितेंद्र, उमेश हैं। थाना प्रभारी जीपी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर रोडवेज बस का नंबर टोल प्लाजा से खंगाला जाएगा।