छिवलहा/खखरेरू। बारिश के चलते शुक्रवार रात अलग-अलग स्थानों पर घरगिरी की तीन घटनाएं हुई। हथगाम के कोतला गांव में मलबे में दबने से पूर्व प्रधान के बेटे की मौत हो गई। परिवार के तीन लोग घायल हुए। दूसरी जगह परिवार के छह लोग दबने से घायल हुए। एक जगह गृहस्थी का सामान बर्बाद हो गई।
हथगाम थाना क्षेत्र के गंगा कटरी किनारे के कोतला गांव निवासी पूर्व प्रधान सीताराम का घर शुक्रवार रात बारिश के चलते रात लगभग दो बजे ढहा है। हादसे में उनके बेटे विकास (15) की दबकर मौत हो गई। सीताराम ने बताया कि पत्नी बृजरानी गांव के मंदिर से कीर्तन सुनकर रात करीब 12 बजे लौटी थीं। वह छोटी बेटी सोनी के
साथ चारपाई पर सो गई थी। देर रात बारिश बंद होने के बाद तेज हवा चल रही थी तभी दीवार व छत का एक हिस्सा भरभरा कर ढह गया। छप्पर और दीवार के मलबे में परिवार दब गया। शोर सुनकर अंदर कमरे में सो रहा परिवार और ग्रामीण पहुंचे। मलबा हटाकर पत्नी, बेटी सोनी और उसे बाहर निकाला जा सका। बेटे को मृत हालत
में बाहर निकाला गया। विकास से बड़े दो भाई विनोद, मनोज हैं। सीताराम की पांच बेटियों में दो की शादी हो चुकी है। तीन बेटियां रेनू, पूजा और सोनी हैं। परिवार में घटना से कोहराम मच गया। कानूनगो सोमनाथ, लेखपाल मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि सीताराम का कोतला गांव ननिहाल है। वह बचपन से गांव में रहते हैं। यहां की संपत्ति मिली थी। वह दो पंचवर्षीय पहले प्रधान चुने गए थे। उनका बेटा कक्षा सात का वृंद्वावन कृष्णा देवी विद्या मंदिर छात्र था। परिजनों में घटना से कोहराम मचा रहा।
उधर, हथगाम थाना क्षेत्र के छिवलहा कस्बा निवासी राजेंद्र कुमार सोनी का करीब 70 साल पुराना मकान रात को बारिश के चलते ढह गया। घर में रात को बारिश के चलते पानी भर गया था। परिवार पानी निकाल रहा था। तभी छत की मिट्टी धसकने लगी। परिवार भागकर घर के बाहर निकला। कुछ ही देर बाद छत भरभराकर ढह गई।
खखरेरू थाना क्षेत्र के कटरा गांव निवासी इशरत का शुक्रवार रात कच्चा घर बारिश के दौरान भरभरा कर ढह गया। हादसे में इशरत उनकी पत्नी किश्वरी बानो, बेटी इशरत बानो, बेटा कैफ, फैज, जैद मलबे में दबने से घायल हो गए। चीख पुकार पर ग्रामीण इकरार, नक्का, मकसूद, मोबीन, मुमताज, उजैर खान इकट्ठा हुए। ग्रामीणों की मशक्कत से परिवार के लोगों को बाहर निकाला जा सका। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
15- फाइल फोटो विकास
16- कोतला गांव में घर गिरने से लगा मलबे का ढेर व परिजन
तीन घर ढहे, पूर्व प्रधान के बेटे की मौत, नौ घायल
हथगाम थाना क्षेत्र के कोतला, छिवलहा व खखरेरू थाना क्षेत्र के कटरा गांवों में बारिश के चलते हुए हादसे
ग्रामीणों की मशक्कत से निकाले जा सके लोग, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
अमर उजाला ब्यूरो