अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। छिवलहा-नवाबगंज के बीच पड़ने वाले बंधवा के पास स्थित गूलर के पेड़ से युवक का शव लटका मिला। पास ही शराब की खाली बोतल मिली है। इससे हत्या की भी आशंका जताई जा रही है। एसओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आत्महत्या है या हत्या के बारे में कुछ कहा जा सकेगा।
थाना क्षेत्र के अलौदीपुर गांव निवासी राजमिस्त्री रामराज पासवान का बड़ा बेटा कुलदीप उर्फ पिंटू (18) एक महीने पहले एसएससी की तैयारी करने इलाहाबाद गया था। सोमवार की शाम पांच बजे युवक को गूलर के पेड़ पर हरी रस्सी से लटका देखा गया।
राहगीरों की सूचना पाकर पुलिस पहुंची। शव के पास से शराब की एक क्वार्टर खाली बोतल भी मिली। एसओ विनय प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों ने शिनाख्त कुलदीप के रूप में की है। पिता रामराज ने बताया कि बेटे ने गांव लौटने की कोई सूचना नहीं दी थी।
वह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर यह सब कैसे हो गया? उधर, कुलदीप की मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मां कुसुमा, छोटी बहन काजल व छोेटे भाई गोलू और अनुराग रो-रोकर बेहाल हैं।
गूलर के पेड़ से लटका मिला शव
महीने भरे पहले इलाहाबाद गया था एसएससी की तैयारी करने