अमर उजाला ब्यूरो
किशनपुर (फतेहपुर)। खाता बंद होने का झांसा देकर खातेधारक की तीस हजार की रकम साइबर क्रिमनलों ने उड़ा दी। घटना के बाद खाताधारक बैंक पहुंचा। बैंक में उसने क्रेडिट, डेबिट कार्ड बंद कराए। बैंक डिटेल में रुपये ऑन लाइन महाराष्ट्र से पार करने का पता लगा है।
बांदा जिले के कमासिन थाना क्षेत्र के खटान गांव निवासी शिवगोविंद का किशनपुर बैंक आफ बड़ौदा में खाता है। वह मंगलवार को इलाहाबाद में किसी को नर्सिंग होम में दिखाने गए थे। तभी उनके पास मोबाइल में खाता बंद होने की किसी ने जानकारी दी। शिवगोविंद ने बताया कि फोन करने वाले ने खुद को बैंककर्मी बताया था। खाता उसी का होने की पुष्टि के लिए मोबाइल पर ओटीपी मैसेज भेजा है। उस ओटीपी के नंबर बता दें। उसने मैसेज खोलकर नंबर बताया। तभी उसके खाते से तीस हजार की रकम गायब हो गई।
बुधवार को किशनपुर बैंक ऑफ बड़ौदा पहुंचा। उसने बैंक मैनेजर को सारी बात बताई। मैनेजर ने खाते की जांच कराई। बताया कि उसका रुपया ठाणे महाराष्ट्र से निकाला गया है। इसके अलावा कोई जानकारी नहीं दे सकते हैं। उसका डेबिट क्रेडिट कार्ड बंद कर पासवर्ड बदल दिया गया है। पीड़ित मामले को लेकर थाने पहुंचा। पुलिस ने उसे साइबर सेल में शिकायत करने को कहा है।