हसनगंज। कोतवाली क्षेत्र के भरहा सम्सापुर में विवाहिता की ससुराल में ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं मृतका के भाई ने बहनोई के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के बाबाखेड़ा मजरे चककुशहरी निवासी गुरु प्रसाद ने अपनी बेटी सरोजनी (20) की शादी दो साल पहले भरहा सम्सपुर के रहने वाले अरविंद के साथ की थी। गुरुवार रात अरविंद ने गुरु प्रसाद को फ ोन करके सरोजनी की बीमारी से हालत गंभीर होेने की सूचना दी। पिता गुरु प्रसाद व भाई होरीलाल जब ससुराल पहुंचे तो सरोजनी मृत मिली। शुक्रवार को भाई होरीलाल ने कोतवाली में बहनोई के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मां गुरुदेई ने बताया कि गुरुवार रात करीब 1 बजे दामाद अरविंद ने फोन पर सूचना दी थी। आरोप लगाया कि अरविंद अक्सर दहेज को लेकर सरोजनी को मारता पीटता व परेशान करता था। वह कहता था कि पिता से कहकर उनकी जमीन पांच साल के लिए ठेके पर दिला दो। बाद में मोटर साइकिल की मांग करने लगा। मांग पूरी न होने पर मार डाला। मृतका अपने भाई-बहनों में चौथे नंबर की थी। भाई रविशंकर, श्रीकृष्ण, रोशनी व खुशबू हैं। कोतवाली प्रभारी धर्मवीर सिह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल पाएगा। भाई होरीलाल की तहरीर पर बहनोई अरविंद पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
-भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
-दो साल पहले हुई थी शादी, पुलिस कर रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार