माहौल बिगाड़ने में सात गिरफ्तार
फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के चकहैवतपुर हरदौली में ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास करने में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। डीएम व एसपी के आदेश पर दोनों पक्षों पर यह कार्रवाई की गई है। मूर्ति सरकारी जमीन से हटाकर मंदिर में स्थापित करा दी गई है।
मंगलवार को चकहैवतपुर हरदौली के ग्रामीणों के कोतवाली में प्रदर्शन के बाद डीएम के आदेश पर पुलिस ने मामले का निस्तारण कराया। ग्राम समाज की भूमि हड़पने के लिए कुछ लोगों ने मठिया बनाकर हनुमान की मूर्ति स्थापित कर दी थी।
डीएम मदनपाल आर्य, एसपी कवींद्र प्रताप सिंह ने एसडीएम सत्य प्रकाश सिंह और कोतवाल सच्चिदानंद त्रिपाठी को मौके पर जाकर ग्राम समाज की भूमि को खाली कराने के आदेश दिए थे। कोतवाल ने बताया कि चकहैवतपुर हरदौली में प्रधान के चुनाव की रंजिश के चलते दो गुटों में सियासत चल रही है।
काफी अरसे से माहौल बिगाड़ने की कोशिश हो रही है। पुलिस ने पहले पक्ष से सरफराज, अनीस खान, असफ , अतहर दूसरे पक्ष से इसरत, सुहैल, तौफीक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
- ग्राम समाज की जमीन पर मूर्ति रखने का मामला, डीएम व एसपी के आदेश पर हुई कार्रवाई