बिंदकी के गांधी चौराहे में लगा जाम। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
बिंदकी। कस्बे में प्रतिदिन लगने वाले जाम की समस्या अब आम हो चुकी। रविवार को भी प्रमुख चौराहों पर जाम लगने से राहगीरों को दो घंटे परेशानी हुई। सभी मार्गों के किनारे फैला अतिक्रमण जाम की मुख्य वजह बना हुआ है।
रविवार को कस्बे के आंबेडकर चौराहे से लेकर तहसील मार्ग, मुगल रोड और ललौली रोड में दिन भर जाम की समस्या रही। दोपहर 12 से दो बजे तक लोगों का निकलना मुश्किल होता है। आंबेडकर चौराहे से लेकर तहसील मार्ग पर अतिक्रमण की गंभीर समस्या है। इसी कारण अक्सर जाम लगता है।
नगर पालिका ने कई बार अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया, लेकिन दोबारा फिर वही समस्या हो जाती है। कस्बे का अधूरा बाईपास जाम की समस्या को कोढ़ में खाज का काम कर रहा। बाईपास का निर्माण पूरा न होने से भारी वाहन कस्बे के अंदर से होकर गुजरते हैं। इससे भी जाम लग जाता है।
ईओ नगरपालिका निरुपमा प्रताप ने बताया कि एक बार फिर अतिक्रमण अभियान चलाया जाएगा। फुटपाथ पर काबिज अतिक्रमण हटा कर कार्रवाई की जाएगी।