चौडगरा (फतेहपुर)। बिजली विभाग के एसडीओ पद की परीक्षा पास कराने के नाम पर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले में सीओ बिंदकी के आदेश पर कल्यानपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी पहले भी कई लोगों को शिकार बना चुका है।
कानपुर चकेरी थाना क्षेत्र के न्यू आजाद नगर निवासी रणवीर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके पुत्र अंशुमान सिंह ने 2019 में बिजली विभाग में एसडीओ पद के लिए परीक्षा दी थी। इस दौरान चौडगरा के एक व्यक्ति के जरिये कल्यानपुर थाने के बड़ौरी निवासी राजेश पटेल से मुलाकात हुई।
उसने 10 लाख रुपये में बेटे को परीक्षा में पास कराने का वादा किया। राजेश ने अपने मित्र वरुण शुक्ला से बात कराई। वरुण दिल्ली के यादव नगर समयपुर बादली का रहने वाला है। परिणाम दिसंबर 2019 को आया। परिणाम में बेटा असफल हुआ। इसके बाद से उसने राजेश से रुपये वापस करने का दबाव बनाया।
कुछ दिन बाद राजेश ने वरुण शुक्ला से साढ़े तीन लाख रुपये वापस कराए। इसके अलावा वरुण शुक्ला ने पंजाब नेशनल बैंक का साढ़े छह लाख रुपये की चेक जरिये रजिस्ट्री से भेजा। एक माह बाद चेक लगाया तो भुगतान नहीं हो सका। वे नौ सितंबर की शाम राजेश के घर पहुंचे और रुपये मांगने लगे। राजेश बोला कि उसका बेटा दिल्ली में रहता है। उसके बेटे को वरुण शुक्ला के साथ मिलकर गायब कराने की धमकी दी।
प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। आरोपी राजेश क्षेत्र में कई लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है। वह थाने के पास ही बाग में रहता है। चर्चा है कि ठगी की रकम जुआ और सट्टेबाजी में हार चुका है।
कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।