फतेहपुर। भिटौरा बाईपास के पास शुक्रवार शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मां और बेटी की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार जख्मी हो गया। करीब 20 मिनट तक यातायात बाधित रहा। ट्रक छोड़कर चालक, खलासी भाग निकले। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाईवे से ट्रक को हटवाकर यातायात बहाल कराया। परिजनों में कोहराम मच गया।
कल्यानपुर थानाक्षेत्र के महमूदपुर डंडवा निवासी सुरेंद्र गौतम प्रदेश बसपा कार्यालय में कर्मचारी हैं। उनकी पत्नी पूजा (22) चार माह की बेटी अनुष्का के साथ मायके थरियांव थाना क्षेत्र के शाहीपुर गांव गई थी। वह शाम को फुफेरे भाई संतोष के साथ ससुराल जा रही थी।
सदर कोतवाली क्षेत्र के भिटौरा बाईपास के पास रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक से उछलकर पूजा गोद में लिए बच्ची के साथ हाईवे पर गिरी। तभी ट्रक के टायर की चपेट में आने से कुचल गई। हादसे के बाद चालक ने ट्रक रोका और भाग निकला। बाइक से गिरकर संतोष घायल हुआ।
हादसा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। 112 नंबर की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। ट्रक को मौके से हटवाने के बाद शव निकाले जा सके। इस दौरान हाईवे पर यातायात बाधित हुआ। बाइक चालक हेलमेट लगाए था। पति सुरेंद्र गौतम ने बताया कि नौ मई 2021 में पूजा के साथ शादी हुई थी। हादसे में पत्नी और बेटी की मौत से परिवार उजड़ गया है। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। चालक की तलाश की जा रही है।